नई दिल्ली। हर युद्ध में अमेरिका के सहयोगी या समर्थक रहे ब्रिटेन ने अपने को इस हमले से अलग कर लिया है। इसके अलावा भी कई देशों ने अपने को अलग किया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा है कि उनका देश किसी तरह से इस हमले में शामिल नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि वे वेनेजुएला में हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करेंगे। स्टार्मर ने कहा, ‘मैं हमेशा मानता हूं कि सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना चाहि’।
अमेरिका के बगल में स्थित कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला परसाद बिसेसर ने भी साफ किया है कि उनका देश वेनेजुएला के खिलाफ चल रही किसी भी सैन्य कार्रवाई में शामिल नहीं है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि उनका देश वेनेजुएला के लोगों के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते बनाए हुए है। हालांकि, पहले प्रधानमंत्री परसाद बिसेसर कैरिबियन और प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के आरोप में अमेरिकी हमलों की तारीफ कर चुकी हैं।
इस बीच अमेरिका, चीन सहित कई देशों ने अपने नागरिकों से वेनेजुएला नहीं जाने की अपील की है। खबर है कि वेनेजुएला में अमेरिका के पांच नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिका ने वेनेजुएला के लिए लेवल चार की एडवाइजरी जारी की है, जो कि चेतावनी का सबसे ऊंचा स्तर है। चीन ने भी वेनेजुएला की यात्रा को लेकर एडवाइजरी जारी की है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जो चीनी नागरिक, कर्मचारी या संगठन पहले से वेनेजुएला में हैं, उन्हें अपनी सुरक्षा पर ध्यान रखना चाहिए। अगर कोई इमरजेंसी आती है, तो चीनी नागरिक तुरंत लोकल पुलिस या चीनी दूतावास से संपर्क करें।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


