राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

वांगचुक को उठाए जाने के बाद रविवार को पहले से ज्यादा भीड़ जुटी।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस जरूर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से उठा कर ले गई और अस्पताल में भर्ती करा दिया लेकिन जंतर मंतर पर उसके बाद भी आंदोलन जारी रहा। वांगचुक को उठाए जाने के एक बाद रविवार को पहले से ज्यादा भीड़ जुटी। बड़ी संख्या में आम लोग भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व परीक्षा की गड़बड़ियों को दूर करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। गौरतलब है कि वांगचुक को हटाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने कहा था कि वे भूख हड़ताल जारी रखेंगे।

जंतर मंतर पर रविवार को आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया पहुंचे।  प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए लगातार प्रयासों की जरूरत है। सिसोदिया ने कहा, प्रधानमंत्री को उस व्यक्ति को दो मिनट के भीतर सस्पेंड कर देना चाहिए था जो शिक्षा मंत्रालय नहीं चला पा रहा है, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे देश के युवा नाराज़ हैं। प्रदर्शनकारी किसी पार्टी के समर्थक नहीं, बल्कि अपने बच्चों और इस देश के समर्थक हैं’। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मनीष सिसोदिया का एक वीडियो भी पोस्ट किया।

हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री रहीं और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी भी जंतर मंतर पर पहुंचीं। उन्होंने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह सत्ता का नहीं, बल्कि युवाओं का मामला है। रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला सोनम वांगचुक से मिलने सफदरजंग अस्पताल पहुंचे थे।

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने रविवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करे और संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कराई जाए। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने राज्यसभा सभापति से संसद में पेपर लीक और सोनम वांगचुक की मांगों पर चर्चा की मांग की।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment