अररिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतेगी और राज्य से ‘‘हर एक घुसपैठिये’’ को बाहर निकालेगी। उन्होंने कहा कि जनसांख्यिकीय बदलाव से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में पश्चिम बंगाल शामिल है।
शाह ने यह बात बिहार के अररिया जिले में कही। यहां उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 175 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और दो नई सीमा चौकियों को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि देश से हर एक घुसपैठिये को बाहर निकालना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि गरीबों के लिए बनी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उनके प्रभाव को भी कम करते हैं।’’
शाह ने कहा कि बड़े पैमाने पर घुसपैठ से सीमावर्ती इलाकों में अतिक्रमण भी बढ़ता है और इसे हटाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘घुसपैठ जनसांख्यिकीय बदलाव का खतरा भी पैदा करती है, जो किसी क्षेत्र की संस्कृति और यहां तक कि उसकी भौगोलिक स्थिति को भी प्रभावित कर सकती है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने जनसांख्यिकीय बदलाव का अध्ययन करने और सर्वाधिक संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर स्थिति सुधारने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जनसांख्यिकीय बदलाव से सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं। पश्चिम बंगाल में जल्द चुनाव होने हैं। हमें विश्वास है कि भाजपा चुनाव जीतेगी और हर भाजपा सरकार की प्राथमिकता घुसपैठियों को बाहर निकालना है।’’
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। शाह ने कहा कि घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत बिहार के सीमांचल क्षेत्र से होगी, जहां वे कुछ महीने पहले विधानसभा चुनाव के दौरान चार दिन तक रुके थे। उन्होंने राज्य की जनता को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड जनादेश देने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की आलोचना के बावजूद भाजपा ने बिहार चुनाव में घुसपैठ का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, ‘‘घुसपैठियों को बाहर निकालना बिहार में हमारे एजेंडे का उतना ही हिस्सा है जितना लोगों का कल्याण। मैं राज्य और देश की जनता से वादा करता हूं कि अगले जनादेश के लिए जाने से पहले हर घुसपैठिये को बाहर निकाल दिया जाएगा।’’
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


