न्यूज़ीलैंड में सत्ताधारी गठबंधन संसदीय बहुमत से एक सीट पीछे रह गया है। चुनाव प्रचार के दौरान सुस्त अर्थव्यवस्था एवं निराश मतदाताओं का असर साफ दिखा। अब सत्ता में बने रहने के लिए उन्हें मध्यमार्गी ‘अपॉर्च्युनिटी पार्टी’ के समर्थन की आवश्यकता है लेकिन अगर कोई समझौता नहीं हो पाता है तो देश में फिर से चुनाव हो सकते हैं। यह जानकारी बीबीसी ने दी।
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व वाली मौजूदा ‘नेशनल’ पार्टी ने 130 में से 40 सीटें प्राप्त कीं जबकि उसके गठबंधन सहयोगियों एसीटी को 13और न्यूज़ीलैंड फर्स्ट को 12 सीटें मिलीं। शुक्रवार को आए आधिकारिक नतीजों के अनुसार, विपक्षी लेबर पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनना संभव नहीं है क्योंकि अगर ‘अपॉर्चुनिटी’ पार्टी इनका समर्थन भी करती है तब भी इस गठबंधन के पास पर्याप्त सीटें नहीं होंगी।
प्रधानमंत्री लक्सन ने आज माना कि बातचीत चुनौतीपूर्ण हो सकती है और इसमें कुछ समय लग सकता है। उन्होंने पत्रकारों से कहा अगर हम जल्दबाजी में कोई ऐसा समझौता कर लें जो बाद में टूट जाए या फिर लोगों को दोबारा चुनाव में जाना पड़े, तो न्यूजीलैंड के लोग इसके लिए हमारा शुक्रिया अदा नहीं करेंगे।
Also Read : यूक्रेनी सैन्य ठिकानों पर रूस का जोरदार हमला
लेबर पार्टी के नेता क्रिस हिपकिंस ने कहा कि उनकी पार्टी ने बेहतरीन चुनाव प्रचार किया लेकिन लोकप्रिय वोट प्राप्त करने के बावजूद उनके पास मोलभाव करने की शक्ति नहीं है। उन्होंने कहा इस चुनाव में, यथास्थिति बनाए रखने के बजाय बदलाव के लिए वोट देने वाले न्यूज़ीलैंडवासियों की संख्या ज़्यादा थी।
न्यूज़ीलैंड में मिश्रित-सदस्य आनुपातिक मतदान प्रणाली है जिसका मतलब है कि वहां ज़्यादातर सरकारें गठबंधन वाली होती हैं। हर व्यक्ति दो वोट डालता है एक अपनी पसंद के राजनीतिक दल के लिए और दूसरा अपने स्थानीय प्रतिनिधि के लिए। इस चुनाव में लेबर पार्टी ने 36 सीटें प्राप्त कीं, ग्रीन्स ने 17 सीटें हासिल कीं जबकि ते पति माओरी ने पांच सीटें हासिल कीं।
‘अपॉर्चुनिटी’ ने सात सीटें हासिल की हैं और इसे इस चुनाव का ‘किंगमेकर’ माना जा रहा है। ‘अपॉर्चुनिटी’ की नेता किउलाई वोंग ने पत्रकारों को बताया कि उनकी पार्टी ‘नेशनल’ के साथ बातचीत करेगी लेकिन सभी विकल्प अभी भी खुले हैं।
उन्होंने आज कहा संसद में सात पार्टियां हैं और यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सबकी है कि हम न्यूजीलैंड को एक स्थिर सरकार देने के लिए हर संभव प्रयास करें। यह सिर्फ हम पर निर्भर नहीं है।
सात नवंबर यानी चुनाव के दिन आए शुरुआती नतीजों में अनुमान लगाया गया था कि ‘नेशनल’ पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगियों को वामपंथी गुट पर मामूली बढ़त हासिल होगी। लेकिन आज के आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि ‘स्पेशल वोटों’ की गिनती में उन्हें दो सीटों का नुकसान हुआ है। ये वोट उन नागरिकों ने डाले थे जो चुनाव के दिन विदेश में थे या अपने पंजीकृत चुनावी क्षेत्र से बाहर थे और आमतौर पर ऐसे वोट वामपंथी झुकाव वाले होते हैं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



