बहामास में शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद सरकार ने विमानन कंपनी ‘फ्लेमिंगो एअर’ की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी। यह हादसा बहामास की राजधानी नासाउ के ठीक पश्चिम में स्थित नॉर्थ एंड्रोस में हुआ।
बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने शुरुआत में कहा था कि हादसे में एक व्यक्ति जीवित बच गया है लेकिन बाद में उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में पुष्टि की कि उस व्यक्ति की भी गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौत हो गई। मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। डेविस ने कहा हम गहरे दुख के साये में एकत्र हुए हैं।
उन्होंने कहा कि लोग बहामास की स्वतंत्रता की 53वीं वर्षगांठ मना रहे थे लेकिन ‘‘यह दिन शोक के दिन में बदल गया।
उन्होंने कहा हम उन सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्हें यह दुखद समाचार मिला है कि उनका कोई प्रियजन अब घर नहीं लौटेगा।
Also Read : होर्मुज को खुला घोषित करे, पोतों पर हमला नहीं करने का भरोसा दे ईरान: अमेरिका
देश के विमान दुर्घटना जांच प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि बहामास में पंजीकृत ‘सेसना 402’ विमान ने नासाउ के लिंडन पिंडलिंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह सैन एंड्रोस जा रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
ऊर्जा, सार्वजनिक सेवाएं और विमानन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच के मद्देनजर ‘फ्लेमिंगो एअर’ के विमान परिचालन प्रमाणपत्र को निलंबित करना सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया केवल एहतियाती कदम है।
मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को सुरक्षा संबंधी दो घटनाएं होने के बाद यह कदम उठाया गया।
ऊर्जा, सार्वजनिक सेवाएं और विमानन मंत्री जोबेथ कोल्बी-डेविस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पहली घटना शुक्रवार को ‘फ्लेमिंगो एअर’ के एक विमान के साथ हुई थी।
उन्होंने बताया कि विमान मायागुआना जा रहा था, तभी पायलट ने एक समस्या की सूचना दी और विमान को वापस नासाउ ले आया। विमान के उतरने और यात्रियों के बाहर निकलने के बाद उसमें आग लग गई। इस घटना की भी जांच की जा रही है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




