वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता जगन मोहन रेड्डी जब मुख्यमंत्री थे तब पिछले साल तेलुगू देशम पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को उन्होंने गिरफ्तार कराया था। सुबह छह बजे नायडू की पार्टी की एक यात्रा के कैम्प ऑफिस से चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद नायडू काफी समय जेल में रहे और उनका पूरा परिवार परेशान रहा। अब पासा पलट गया है। नायडू की पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में क्लीन स्वीप किया। जगन की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया तो अब नायडू की सरकार बनते ही बदले की कार्रवाई तेज हो गई है।
शनिवार को गुंटूर में जगन मोहन की पार्टी के कार्यालय पर बुलडोजर चल गया। सरकारी अधिकारियों का पूरा अमला जमला सुबह साढ़े पांच बजे बुलडोजर लेकर पार्टी कार्यालय तोड़ने पहुंचा था। माना जा रहा है कि सुबह छह बजे की गिरफ्तारी का बदला साढ़े पांच बजे बुलडोजर चला कर लिया गया है। इससे पहले जगन मोहन रेड्डी के आवास के बाहर हुआ कथित अवैध निर्माण तोड़ दिया गया था। कहा जा रहा है कि चंद्रबाबू नायडू की इस बार की सरकार का एकमात्र लक्ष्य जगन मोहन रेड्डी से बदला लेने का है।
आमतौर पर आंध्र प्रदेश में इस तरह की राजनीति नहीं होती थी लेकिन जगन ने शुरुआत कर दी है तो नायडू उसे आगे बढ़ा रहे हैं। किसी न किसी मामले में जगन की गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है। तभी जगन ने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं को यह संदेश दिया कि उनके पास 11 राज्यसभा सांसद हैं और चार लोकसभा के सांसद हैं। उन्होंने कहा कि नायडू के पास कुल 16 सांसद लोकसभा में हैं और जगन के पास दोनों सदनों में 15 सदस्य हैं। यानी नायडू से एक कम। अब देखना है कि केंद्र सरकार उनकी रक्षा कर पाती है या नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



