अरविंद केजरीवाल दो अप्रैल को अपनी पहली रैली करने के लिए गुवाहाटी जा रहे हैं। उन्होंने अभी तक असम में कोई रैली नहीं की है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर केजरीवाल असम जा रहे हैं, जहां गुवाहाटी में वे रैली करेंगे। उससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उनको चुनौती दी है। सरमा ने कहा है कि केजरीवाल विधानसभा में विशेषाधिकार की आड़ लेकर सारे नेताओं पर आरोप लगाते हैं। अगर उनमें हिम्मत है कि विधानसभा से बाहर आरोप लगा कर दिखाएं। सरमा ने कहा कि अगर विधानसभा से बाहर केजरीवाल ने उनके ऊपर किसी तरह के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तो वे मुकदमा करेंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा का दावा है कि उनके खिलाफ कोई भी भ्रष्टाचार का मामला लंबित नहीं है। तभी यह देखना दिलचस्प होगा कि अरविंद केजरीवाल अपनी गुवाहाटी रैली में सरमा के खिलाफ आरोप लगाते हैं या नहीं! ध्यान रहे केजरीवाल और ममता बनर्जी सहित कई नेता भाजपा पर आरोप लगाते रहे हैं कि आरोपी नेता जान बचाने के लिए भाजपा में शामिल हो जाते हैं। ऐसे नेताओं में हिमंता बिस्वा सरमा का भी नाम लिया जाता है। केजरीवाल अपनी कट्टर ईमानदार नेता की छवि को चमकाने के लिए इन दिनों भाजपा को सबसे भ्रष्ट पार्टी बताने में लगे हैं। तभी गुवाहाटी की रैली में वे भ्रष्टाचार का मुद्दा जरूर उठाएंगे। ध्यान रहे पवन खेड़ा से लेकर जिग्नेश मेवानी तक के खिलाफ असम में मुकदमे हुए हैं। मेवानी को तो पुलिस उठा ले गई थी और खेड़ा को भी पकड़ने पुलिस दिल्ली पहुंच गई थी। अब मुख्यमंत्री सरमा ने केजरीवाल को चुनौती दी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




