हांगझाऊ। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को खेल के नौवें दिन भारत ने कुल सात पदक जीते, जिसके बाद भारत के पदकों की कुल संख्या 60 हो गई। भारत के 13 स्वर्ण, 24 रजत और 23 कांस्य पदक हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। 146 गोल्ड और 269 पदक के साथ चीन पहले स्थान पर है। 33 गोल्ड और कुल 122 पदक के साथ जापान दूसरे स्थान पर है। 31 गोल्ड और कुल 133 पदक के साथ दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर है।
बहरहाल, सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों ने सात पदक जीते, जिसमें से पांच पदक एथलीट्स ने दिलाए। चीन के हांगझोउ में सोमवार का खेल समाप्त होने तक तेजस्विन शंकर 4,260 अंक के साथ डेकॉथलॉन के टॉप पर हैं। इससे पहले, 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम का कांस्य पदक अपग्रेड होकर रजत में बदला गया, क्योंकि श्रीलंकाई टीम डिस्क्वॉलिफाई हो गई। सोमवार की सुबह स्केटर्स ने भारत को दो कांस्य पदक दिलाए। उसके बाद दोपहर में टेबल टेनिस के विमेंस डबल्स में कांस्य मिला। शाम में एथलेटिक्स शुरू हुए, जिसमें भारत की एंसी सोजन ने महिलाओं की लंबी कूद में रजत पदक जीता। भारत की चार गुणा चार सौ मीटर मिश्रित रिले टीम ने एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता। अगर अन्य खेलों की बात करें तो भारत की हॉकी टीम ने बांग्लादेश को एकतरफा मुकाबले में 12 गोल से हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। इसके अलावा तीरंदाजी और बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपने मुकाबले जीते हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



