नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित खिलाड़ियों को राष्ट्रपति भवन में सम्मान प्रदान किया। इसमें दो खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया गया, जबकि 26 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड दिए गए। अलग अलग खेलों के पांच कोच द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किए गए तो तीन खिलाड़ियों को लाइफ टाइम सम्मान से नवाजा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पुरस्कृत खिलाड़ियों को बधाई दी।
एकदिवसीय क्रिकेट के विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अर्जुन अवार्ड दिया गया। बैडमिंटन की स्टार जोड़ी सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। यह जोड़ी फिलहाल मलेशिया ओपन सुपर 1000 में खेल रही है, इसलिए समारोह में शामिल नहीं हुई। सात्विक-चिराग के लिए 2023 यादगार रहा। उन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता और एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता।
तीन खिलाड़ियों कबड्डी की कविता, बैडमिंटन की मंजूषा कंवर और हॉकी के विनीत कुमार शर्मा को लाइफ टाइम सम्मान से नवाजा गया। इस पुरस्कार से उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेलों में विशेष योगदान दिए हैं। इनके अलावा मलखम्ब में गणेश प्रभाकरन, पैरा एथलेटिक्स में महावीर सैनी, कुश्ती में ललित कुमार, शतरंज में आरबी रमेश और हॉकी में शिवेंद्र सिंह को कोचिंग का सबसे बड़ा सम्मान द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


