हांगझाऊ। 19वें एशियाई खेलों के छठे दिन शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल आठ पदक जीते। चौथे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों ने आठ पदक जीते थे। शुक्रवार को छठे दिन भारत ने दो स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। इसके बाद भारत के पदकों की संख्या 33 हो गई है और भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत के पदकों में आठ स्वर्ण, 12 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
शुक्रवार को भारतीय निशानेबाजों ने दो स्वर्ण और तीन रजत के साथ दिन की शानदार शुरुआत की। इसके बाद टेनिस में रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी की जोड़ी ने रजद पदक हासिल किया। फिर स्क्वॉश में भारतीय मेंस टीम ने कांस्य दिलाया। दिन का आखिरी मेडल शॉटपुट में आया। विमेंस शॉटपुट में किरण बालियान ने 17.36 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे नंबर पर रह कर कांस्य पदक जीता।
भारतीय मेंस बैडमिंटन टीम ने नेपाल को 3-0 से हराते हुए 37 साल बाद एशियाड का मेडल पक्का किया। शाम को बॉक्सर निखत जरीन ने 50 किलो वजन की श्रेणी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर एक मेडल तय कर लिया। इतना ही नहीं, निखत ने पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा भी हासिल कर किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


