हांगझाऊ। 19वें एशियाई खेलों में पांचवें दिन भी भारत ने एक स्वर्ण पदक जीता और इसके साथ ही दो स्थान की छलांग लगा कर पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। भारत ने खेल के पांचवें दिन तीन पदक जीते। इस तरह छह स्वर्ण के साथ भारत के कुल 25 पदक हो गए हैं और वह पांचवें स्थान पर है। 83 स्वर्ण और कुल 153 पदक के साथ चीन पहले नंबर पर है। 76 पदक के साथ दक्षिण कोरिया दूसरे स्थान पर है और 68 पदक के साथ जापान तीसरे स्थान पर है। छह स्वर्ण और कुल 31 पदक के साथ उज्बेकिस्तान चौथे स्थान पर है।
बहरहाल, एशियाई खेलों के पांचवें दिन की शुरुआत में भारतीय शूटर्स ने अपना जलवा दिखाया। 10 मीटर एयर पिस्टल टीम पुरुष स्पर्धा में भारत ने गोल्ड मेडल जीता। अर्जुन चीमा, सरबजोत सिंह और शिव नरवाल की तिकड़ी ने ये मेडल दिलाया। वुशू में रोशिबिना देवी ने भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई और रजत पदक अपनी झोली में डाला। भारत के अनुष अग्रवाला ने घुड़सवारी ड्रेसेज व्यक्तिगत में कांस्य पदक जीता। इससे पहले विपुल हृदय छेड़ा बाहर हो गए थे।
बैडमिंटन में पीवी सिंधु और अश्मिता चालिहा ने आसान जीत दर्ज की। फुटबॉल मैच में भारत को सऊदी अरब के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सऊदी अरब ने भारत को 2-0 से हराया। इसके साथ ही भारत का फुटबॉल का सफर समाप्त हो गया। हॉकी में भारत ने जापान को हरा कर पदक की उम्मीद बढ़ा दी है। भारत के लिए टेनिस में शानदार खबर सामने आई है। रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी पुरुष युगल के फाइनल में पहुंच गए हैं। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में कोरियाई जोड़ी को 6-1, 6-7, 10-0 से हराया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



