नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के बाद से कामगारों, किसानों और कारीगरों से मिल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को दिल्ली में स्थित एशिया के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट पहुंचे। वहां उन्होंने लकड़ी के कारीगरों से मुलाकात की। इससे पहले राहुल गांधी पिछले ही हफ्ते आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने कुलियों से मुलाकात की थी। राहुल ने कुलियों वाली लाल शर्ट पहनी थी, बाजू पर बिल्ला बांधा था और बोझ भी उठाया था।
बहरहाल, गुरुवार को राहुल गांधी दिल्ली के कीर्तिनगर में एशिया की सबसे बड़ी फर्नीचर मार्केट पहुंचे। वहां उन्होंने कारपेंटरों के साथ बातचीत की। उनके काम के बारे में जाना। इतना ही नहीं राहुल गांधी आरी और हथौड़े के साथ फर्नीचर बनाने के काम में हाथ आजमाते भी दिखे। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा- दिल्ली के कीर्तिनगर स्थित एशिया के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट पहुंचे जननायक राहुल गांधी। वहां उन्होंने बढ़ई भाइयों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके हुनर को करीब से जानने और समझने की कोशिश की। भारत जोड़ो यात्रा जारी है…।
कांग्रेस ने बताया है कि राहुल गांधी को अपने बीच देखकर लकड़ी कारीगर खुश हुए। राहुल ने कारीगरों से उनके काम और समस्याओं के बारे में जाना। राहुल को इस दौरान काम में भी हाथ आजमाते देखा गया। पिछले दिनों राहुल गांधी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मिलने गए थे। इसके पहले उन्होंने हरियाणा में किसानों के साथ खेतों में काम किया था और ट्रैक्टर चलाया था। वे करोलबाग में मोटर मैकेनिकों से मिलने गए थे और आजादपुर सब्जी मंडी में जाकर वहां भी कारोबारियों और मजदूरों से मुलाकात की थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



