नई दिल्ली। सरकार ने दिसंबर 2023 में वस्तु व सेवा कर यानी जीएसटी से करीब 1.65 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। यह एक साल पहले यानी दिसंबर 2022 के मुकाबले 10 फीसदी ज्यादा है। दिसंबर 202 में केंद्र सरकार ने जीएसटी से 1.49 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। अगर महीने के आधार पर तुलना करें तो एक महीने पहले नवंबर 2023 में सरकार ने जीएसटी से 1.67 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। यानी नवंबर के मुकाबले दिसंबर में जीएसटी राजस्व में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
बहरहाल, लगातार 10वीं बार ऐसा हुआ है कि जीएसटी राजस्व का संग्रह डेढ़ लाख करोड़ रुपए से ऊपर रहा है। हालांकि अब तक सबसे ज्यादा जीएसटी संग्रह अप्रैल 2023 में हुआ था, तब यह आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया था। इसके अलावा लगातार 21 महीने से देश का जीएसटी कलेक्शन 1.4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर बना हुआ है।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2023 में जीएसटी संग्रह 1.65 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसमें केंद्रीय यानी सीजीएसटी 30,443 करोड़ रुपए, राज्यों का यानी एसजीएसटी 37,935 करोड़ रुपए, एकीकृत यानी आईजीएसटी 84,255 करोड़ रुपए और सेस 12,249 करोड़ रुपए रहा है। सेस में माल के आयात से मिले 1,079 करोड़ रुपए शामिल हैं। वित्त वर्ष 2023-24 यानी पिछले नौ महीने में अब तक कुल 14.97 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ है। पिछले वित्त वर्ष यानी 2022-23 में कुल 18.10 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ था।
 
								 
								
								


 
												 
												 
												 
												 
												 
																	 
																	 
																	 
																	 
																	 
																	