राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

भारतीय स्टेट बैंक के विदेशी शाखा नेटवर्क में विस्तार

देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) समूह ने अपने अंतरराष्ट्रीय शाखा नेटवर्क का विस्तार करते हुए अमेरिका में टेक्सास के नॉर्थ डलास में फ्रिस्को में खोली है।

एसबीआई की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि बैंक के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी ने एसबीआईसी बैंक की नई शाखा का उद्घाटन किया। एसबीआईसी बैंक एसबीआई की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी अमेरिकी बैंकिंग कंपनी है। विज्ञप्ति के अनुसार एसबीआईसी की अमेरिका में कार्यरत शाखाओं की संख्या सात से बढ़कर आठ हो गई है। कैलीफोर्निया प्रांत के बाहर यह पहली शाखा है।

एसबीआईसी न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिल्स में अपनी तीन प्रत्यक्ष शाखाओं तथा वॉशिंगटन में एक प्रतिनिधि कार्यालय के माध्यम से भी सेवाएँ प्रदान करता है। डलास की नयी शाखा में व्यक्तिगत और व्यावसायिक बैंकिंग सेवाओं की व्यापक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इनमें खुदरा जमा, वाणिज्यिक ऋण, भारत सहित दुनिया भर में धन प्रेषण तथा अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) के लिए विशेष बैंकिंग सेवाएँ शामिल होंगी।

Also Read : टाटा स्टील को दूसरी तिमाही में 3,700 करोड़ रुपये का मुनाफा

उद्घाटन समारोह में श्री सेट्टी ने कहा: “कैलिफोर्निया से बाहर हमारा विस्तार रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके माध्यम से हम स्थानीय समुदायों, भारतीय प्रवासी समुदाय और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक ग्राहकों की बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस विस्तार से भारत और अमेरिका के बीच वित्तीय एवं आर्थिक संबंधों को और गहरा बनाने में हमारी भूमिका को बल मिलेगा।

वर्तमान में बैंक की 29 देशों में कुल 245 विदेशी उपस्थिति इकाइयाँ हैं। इनमें शाखाएँ, उप-कार्यालय, प्रतिनिधि कार्यालय, विदेशी बैंकिंग सहायक कंपनियाँ तथा संयुक्त उद्यम एवं निवेश शामिल हैं। एसबीआई के वैश्विक नेटवर्क को 56 देशों के 222 बैंकों के साथ उसके कॉरेस्पॉन्डेंट बैंकिंग संबंधों से भी मजबूती मिलती है। इससे सीमा पार व्यापार, भुगतान और वित्तीय लेनदेन को सुगम बनाने में मदद मिलती है।

बैंक का योनो ग्लोबली डिजिटल बैंकिंग मंच भी 14 विदेशी कार्यालयों और सहायक कंपनियों में उपलब्ध है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ग्राहकों को बेहतर पहुँच और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएँ मिल रही हैं।

30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही आंकड़ों के अनुसार एसबीआई के विदेशी ऋण कारोबार में सालाना आधार पर 22.86 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 8,31,332 करोड़ रुपये हो गया। इसी दौरान विदेशी कार्यालयों के माध्यम से जमा राशि जुटाने में सालाना आधार पर 22.61 प्रतिशत की वृद्धि हुई और विदेशी शाखाओं में कुल जमा राशि बढ़कर 2,83,319 करोड़ रुपये हो गई।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment