नई दिल्ली। खाने पीने की चीजों की कीमतों में कमी आने की वजह से मार्च के महीने में खुदरा महंगाई की दर में गिरावट आई है। केंद्र सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च में खुदरा महंगाई दर 10 महीने में सबसे कम रही। राष्ट्रीय सांख्यिकी विभाग, एनएसओ की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश की खुदरा महंगाई दर मार्च में घट कर 4.85 फीसदी रही। इससे 10 महीने पहले जून में महंगाई दर 4.81 फीसदी थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक खाने पीने की चीजों की महंगाई दर 8.66 से घटकर 8.52 फीसदी पर आ गई।
इसके मुताबिक ग्रामीण महंगाई दर में मामूली बढ़ोतरी हुई है। यह 5.34 से बढ़कर 5.45 फीसदी पर पहुंच गई। दूसरी ओर शहरी महंगाई दर 4.78 से घटकर 4.14 फीसदी पर आ गई। एनएसओ ने औद्योगिक उत्पादन दर यानी आईआईपी का फरवरी 2024 का आंकड़ा भी जारी कर दिया। फरवरी में आईआईपी की विकास दर 5.7 फीसदी दर्ज की गई है। जनवरी में यह 3.8 फीसदी रही थी। यानी महीना दर महीना आधार पर आईआईपी 1.9 फीसदी बढ़ी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


