राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

यश की तारीफ सुन भावुक हुए अक्षय ओबेरॉय

रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता अक्षय ओबेरॉय उस समय भावुक हो गये, जब यश ने उनके अभिनय की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने भी अक्षय से बहुत कुछ सीखा है।गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ से अक्षय ओबेरॉय दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रहे हैं। फिल्म में वह नकारात्मक किरदार में नजर आयेंगे और उनके कई दमदार एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलेंगे।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने अक्षय की तारीफ करते हुए कहा कि अब वह कर्नाटक का हिस्सा बन गये हैं और यहां काफी लोकप्रिय हो चुके हैं। यश ने कहा, “जब भी आप प्रेस में मेरे बारे में बात करते हैं, तो मैं डर जाता हूं और खुद से पूछता हूं कि क्या मैं वाकई इतना अच्छा हूं। अक्षय मेरे बारे में ऐसे बात करते हैं, जैसे कभी-कभी आप खुद को दूसरों में देखते हैं और उनसे बहुत कुछ सीखते हैं। मुझे इतना खास महसूस कराने के लिए धन्यवाद। आप एक शानदार अभिनेता हैं और आपने अपने प्रदर्शन से कमाल कर दिया है। मैंने आपसे बहुत कुछ सीखा है। आप हमेशा कहते रहे हैं कि आपने मुझसे सीखा है, लेकिन मैंने भी आपसे बहुत कुछ सीखा है।

Also Read : ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखण्ड आदिवासी महोत्सव के उद्घाटन में सम्मलित हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

यश की इन बातों से भावुक हुए अक्षय ने कहा कि एक अभिनेता के सफर में कुछ पल ऐसे आते हैं, जब समझ नहीं आता कि किस तरह प्रतिक्रिया दी जाए, क्योंकि कुछ शब्द अपने साथ बहुत सारी भावनाएं और मायने लेकर आते हैं।

अक्षय ने कहा, “यश के लिए मेरे मन में सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी बहुत सम्मान है। उन्होंने अपने काम के जरिए जिस तरह की खास पहचान और मुकाम बनाया है, वह बेहद प्रेरणादायक है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जब आप ऐसे लोगों के साथ काम करते हैं, जो अपने काम में बेहतरीन हैं, तो आप उन्हें देखकर और उनके साथ काम करके भी बहुत कुछ सीखते हैं।”

अक्षय ने कहा कि उन्होंने यश के बारे में हमेशा इसलिए बात की है, क्योंकि वह वास्तव में उनसे प्रेरित हैं। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा उन्हें अपना आदर्श माना है। ऐसे में जब उन्होंने यह कहा कि उन्होंने मुझसे भी कुछ सीखा है, तो यह मेरे लिए बेहद विनम्र और भावुक कर देने वाला पल था। जिस अभिनेता के काम की आप हमेशा से प्रशंसा करते आये हैं, वही अगर आपके सामने आकर यह कहे कि उसने आपके प्रदर्शन से कुछ सीखा है, तो वह बात हमेशा आपके साथ रहती है। यश की बातें मेरे लिए इसलिए भी भावुक कर देने वाली थीं, क्योंकि उनके शब्दों में सच्चा सम्मान और अपनापन था।”

‘टॉक्सिक’ के जरिये अक्षय एक नई इंडस्ट्री और भाषा में कदम रखने के साथ ही अपने करियर का एक बिल्कुल अलग पक्ष भी दर्शकों के सामने पेश करने जा रहे हैं। फिल्म में उनका किरदार डार्क और एक्शन से भरपूर है, जिसमें नकारात्मक भूमिका के साथ वह कई बड़े एक्शन दृश्यों में नजर आयेंगे।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment