फिल्म अभिनेता कुणाल कपूर ने कहा कि फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक अहम पड़ाव है, क्योंकि इसकी सफलता फिल्मकारों को अधिक रचनात्मक और वित्तीय जोखिम उठाने के लिए प्रेरित कर सकती है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भारतीय महाकाव्य पर आधारित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं, जबकि कुणाल कपूर ने भगवान इंद्र का किरदार निभाया है। दो भागों में बन रही इस फिल्म को अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म बताया जा रहा है। इसके दोनों भाग का बजट कथित तौर पर 4,000 करोड़ रुपये है। फिल्म के पहले भाग में नजर आने वाले कपूर ने कहा कि इसकी सफलता पूरे फिल्म उद्योग के लिए अच्छी होगी।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा इस फिल्म को बनाने में बहुत पैसा लगा है और यह बेहद जरूरी है कि यह पैसा वापस आए। लेकिन यह देखना भी बहुत प्रेरणादायक है कि किसी ने भारतीय सिनेमा के लिए इतनी बड़ी महत्वाकांक्षा दिखाई है। यह जरूरी है कि ऐसी फिल्म सफल हो, न केवल हमारे जैसे अभिनेताओं या फिल्मकारों के लिए, बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा के लिए।
उन्होंने कहा अगर ऐसी फिल्म सफल होती है तो यह पूरे फिल्म उद्योग के लिए अच्छा है क्योंकि इससे और अधिक लोग बड़े सपने देखने और महत्वाकांक्षी फिल्मों पर काम करने का साहस कर पाएंगे।
Also Read : सोनिया गांधी की नई पुस्तक ब्लिंकइट मंच पर बिक्री के लिए उपलब्ध
पांच नवंबर को रिलीज हुई ‘रामायण: भाग एक’ ने रिलीज के पांच दिनों में दुनियाभर में 663 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म की समीक्षाएं ज्यादातर सकारात्मक रही हैं, हालांकि कुछ लोगों ने इसमें कंप्यूटर जनित दृश्यों (सीजीआई) पर अधिक निर्भरता को लेकर आलोचना की है। हालांकि, कपूर को इससे ज्यादा चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हर तरह की राय सामने आएगी। लोगों की कहानी को लेकर अपनी-अपनी व्याख्या है और वे इसे एक खास तरीके से देखना चाहते हैं। इसलिए दर्शकों को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का मौका मिलना चाहिए।
कपूर ने कहा कि इस फिल्म में काम करने का फैसला उनके लिए बेहद आसान था क्योंकि जिस भव्यता से फिल्म का निर्माण किया जा रहा था उसे देखकर और निर्माण टीम के गहन शोध से वह तुरंत प्रभावित हो गए थे।
कपूर ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे बुलाया और मैं उनसे मिलने गया। उन्होंने कहा कि वे ऐसे व्यक्ति की तलाश में हैं जिसमें बहुत ताकत हो, संवेदनशीलता हो और साथ ही सौम्यता भी हो। उन्हें लगा कि मुझमें ये सारे गुण हैं।
उन्होंने कहा कि हाल के ‘पॉप कल्चर’ में भगवान इंद्र को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। कपूर इस बात से खुश हैं कि फिल्म में उनके किरदार को सीमित समय मिलने के बावजूद दर्शकों ने उसे पसंद किया है। अभिनेता ने कहा कि वह भगवान इंद्र के किरदार पर अलग से फिल्म बनते देखना चाहेंगे।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



