फिल्म ‘प्रताप’ के निर्माताओं ने विशाल ददलानी की आवाज में फिल्म का नया गाना ‘मिलके रहेंगे’ रिलीज कर दिया है। अमित साध और ईशा धर्मेंद्र देओल अभिनीत इस फिल्म का यह भावुक गीत प्यार, रिश्तों की मजबूती, जुदाई के दर्द और दोबारा मिलने की उम्मीद को खूबसूरती से बयां करता है। रोहन-रोहन द्वारा संगीतबद्ध इस गीत के बोल रोहन गोखले ने लिखे हैं। गाना फिल्म की भावनात्मक कहानी और अपनों के बीच के अटूट रिश्तों को दर्शाता है।
गीत को लेकर अमित साध ने कहा कि ‘मिलके रहेंगे’ प्यार, प्रतिबद्धता और अपनों से किए गए वादों की खूबसूरत भावना को व्यक्त करता है। दो दिल कभी वास्तव में एक-दूसरे से अलग नहीं हो सकते, यह ऐसा एहसास है जिससे हर कोई जुड़ाव महसूस कर सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक भी इस गीत की भावनाओं से जुड़ सकेंगे।
Also Read : सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर रिलीज
गीत का अरेंजमेंट और निर्माण रिदम शॉ ने किया है, जबकि रोहन-रोहन ने अतिरिक्त अरेंजमेंट्स किए हैं। रयान डायस ने बैकिंग वोकल्स और कोरस अरेंजमेंट की जिम्मेदारी संभाली है। शादाब रयीन ने गीत की मिक्सिंग और मास्टरिंग की है। 11 नवंबर को रिलीज हुआ यह गाना यूवी म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सहित प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।
सचिन सराफ द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म ‘प्रताप’ की कहानी प्रताप रानाडे (अमित साध) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ताकतवर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट है। उसकी जिंदगी में उस समय अप्रत्याशित मोड़ आता है, जब उसे खुद सलाखों के पीछे जाना पड़ता है। फिल्म में अमित साध के साथ ईशा धर्मेंद्र देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म कर्तव्य, वफादारी, फैसलों और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाती है। फिल्म का संगीत रोहन-रोहन और अफजल अली खान ने तैयार किया है, जबकि मूल बैकग्राउंड स्कोर अफजल अली खान और अरबाज खान का है। फिल्म में शाश्वत सिंह की आवाज में भी गीत शामिल हैं। ‘प्रताप’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



