राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

जमुई मामले पर बदनामी झेल रहा बिहार, सम्राट चौधरी इस्तीफा दें: तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमुई जिले में एक नाबालिग लड़के और लड़की से कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बिहार की बदनामी हो रही है’’ और राज्य में ‘‘गुंडाराज’’ का माहौल है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। यह शर्मनाक है कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कुछ नेता इस घटना को यह कहकर सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं।’’

तेजस्वी ने कहा कि इस तरह के बयान देने वाले राजग नेताओं को बिहार की जनता से तत्काल माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह कल्पना से परे है कि इस तरह की बातें कही जा रही हैं। इससे यह पता चलता है कि सत्ता में बैठे लोग एक ऐसे कृत्य को किस तरह पेश कर रहे हैं, जो न केवल जघन्य है बल्कि समाज के लिए भी शर्मनाक है।’’

राजद नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया। चौधरी ने एक बयान में कहा था कि बिहार में आधी रात को भी कोई महिला को छू नहीं सकता और अगर ऐसा हुआ तो वह इस्तीफा दे देंगे।

Also Read : जमुई छेड़छाड़ मामला: मुठभेड़ के बाद दो आरोपी समेत पांच लोग गिरफ्तार

तेजस्वी ने कहा कि जमुई की घटना के बाद मुख्यमंत्री को अपने ही शब्दों का सम्मान करते हुए पद छोड़ देना चाहिए। रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जमुई में कुछ लोगों का एक समूह एक लड़के और लड़की से कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ करते हुए देखा गया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया।

इस बीच, ललन सिंह ने मंगलवार को जारी एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली है। लेकिन विपक्ष इस मामला का राजनीतिकरण कर रहा है। उसे याद रखना चाहिए कि वर्ष 2006 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज कायम है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष को 2005 से पहले का बिहार भी याद रखना चाहिए, जब बेटियां और महिलएं सूर्यास्त के बाद घर से निकलने से डरती थीं। हम पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और सरकार भी उनके साथ है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में हर अपराधी को कानून के अनुसार सजा मिलेगी।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment