बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, कुल 164 उम्मीदवारों में से 98 ने चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और 66 ने चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल किया है।
जिन आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक 40 उम्मीदवारों ने दरभंगा से नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद पटना से 22, तिरहुत से 20 और कोसी से 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से सबसे अधिक 22 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। सारण से 19, दरभंगा से 14 और तिरहुत से 11 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं।
नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।
मौजूदा विधान परिषद सदस्यों-पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एन.के. यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आठ में से चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें तीन मौजूदा विधान परिषद सदस्य फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।
Also Read : तमिलनाडु: मदुरंतकम और धारापुरम उपचुनाव में 80 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान
भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से मौजूदा विधान परिषद सदस्य नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक सीट से डॉ. एन.के. यादव और तिरहुत स्नातक सीट से सर्वेश कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। यह सीट फिलहाल विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह के पास है।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने पटना स्नातक सीट से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार, तिरहुत शिक्षक से श्याम नंदन यादव, सारण शिक्षक से मौजूदा सदस्य अफाक अहमद, पटना शिक्षक से वकील एवं शिक्षाविद से राजनेता बनीं दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एस.पी. राय, दरभंगा स्नातक से मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसे व्यक्ति मतदान कर सकते हैं, जिनके पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय की स्नातक डिग्री कम से कम तीन वर्ष से हो और जो संबंधित स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निवास करते हों। इसके लिए मतदाताओं को विशेष रूप से तैयार की जाने वाली मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराना होता है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में राज्य के ऐसे शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत शिक्षक मतदान कर सकते हैं, जो माध्यमिक विद्यालय स्तर से नीचे के न हों। इनमें उच्च विद्यालय, कॉलेज और विश्वविद्यालय शामिल हैं। संबंधित शिक्षक के पास कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव होना चाहिए और पात्र शिक्षकों को भी संबंधित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में अलग से पंजीकरण कराना होता है।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



