राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बंगाल की खाड़ी में तीसरे चक्रवाती तूफान की आशंका

छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना के बीच मौसम का मिजाज बदल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 19 नवंबर से वर्षा का दौर शुरू होने और 20 तथा 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। यदि यह प्रणाली चक्रवाती तूफान का रूप लेती है, तो पिछले करीब तीन सप्ताह के भीतर बंगाल की खाड़ी में बनने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार को बंगाल की खाड़ी में एक वायुमंडलीय डिप्रेशन विकसित हुआ है। इसके सोमवार को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने की आशंका जताई गई है। संभावित तूफान को ‘अकवान’ नाम दिया जा सकता है। हालांकि, तूफान की वास्तविक तीव्रता और दिशा आगामी मौसम संबंधी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर से बादलों की सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश शुरू हो सकती है। विशेष रूप से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।

Also Read : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकरोधी अभियान जारी

मौसम संबंधी ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार करीब 13 वर्षों बाद ऐसी स्थिति बनने की संभावना है, जब 25 दिनों से कम अवधि में बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती तूफान विकसित हों। इससे पहले वर्ष 2013 में 19 नवंबर को ‘हेलेन’, 23 नवंबर को ‘लहर’ और 6 दिसंबर को ‘माडी’ चक्रवाती तूफान बने थे। उसी वर्ष अक्टूबर में ‘फाइलिन’ तूफान भी आया था। इस प्रकार अक्टूबर से दिसंबर 2013 के बीच बंगाल की खाड़ी में कुल चार चक्रवाती तूफान विकसित हुए थे।

इस बीच छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर 12.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

उधर, बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों में संभावित आपदा से निपटने के लिए एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को भी सतर्क रहने तथा आवश्यक बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान के अनुसार डिप्रेशन निम्न दबाव की एक सशक्त मौसमी प्रणाली होती है, जिसमें सतह पर लगातार चलने वाली हवाओं की गति 17 से 33 नॉट अर्थात लगभग 31 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। ऐसी प्रणाली के अनुकूल समुद्री और वायुमंडलीय परिस्थितियां मिलने पर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना बढ़ जाती है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल संभावित चक्रवाती तूफान के सटीक मार्ग और तट से टकराने यानी लैंडफॉल के स्थान का निर्धारण नहीं किया जा सकता। अगले 24 घंटों में इसकी दिशा और संभावित लैंडफॉल को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। संबंधित तटीय राज्यों को मौसम की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक तैयारियां बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें