नई दिल्ली। अरुण साव के छत्तीसगढ़ का उप मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा ने दो हफ्ते में ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। राज्य में जाति का संतुलन बनाने के लिए पार्टी ने पहली बार के विधायक किरण सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पांच साल के बाद सत्ता में वापसी करने पर भाजपा ने आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाया है। उनके साथ पिछड़ी जाति के अरुण साव और ब्राह्मण समुदाय के विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। अब पार्टी ने ठाकुर नेता किरण सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने किरण सिंहदेव की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति का पत्र जारी किया है। वे इससे पहले भी संगठन में कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। फिलहाल वे जगदलपुर से विधायक हैं। किरण सिंहदेव पहली बार विधानसभा चुनाव जीते हैं। वे आदिवासी बहुल बस्तर संभाग से आते हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर अरुण साव ने कहा कि किरण सिंहदेव को संगठन का लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छे परिणाम आएंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



