रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे राहुल गांधी ने रविवार को किसानों के साथ धान की कटाई में हाथ आजमाया। इस मौके पर उन्होंने छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए लागू की गई पांच योजनाओं को लेकर कहा कि इस मॉडल को पूरे भारत में दोहराया जाएगा। राहुल शनिवार से दो दिन के दौरे पर पहुंचे थे और पहले दिन की सभा में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनी तो दो घंटे में जाति गणना कराने का आदेश देगी।
रविवार के उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रत्याशी रमन सिंह के चुनाव क्षेत्र राजनांदगांव और कवर्धा में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। इससे पहले राहुल ने रविवार सुबह रायपुर के करीब कठिया गांव का दौरा किया और धान की फसल की कटाई में किसानों व मजदूरों की मदद की। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और अन्य नेता भी राहुल के साथ मौजूद थे।
बाद में कांग्रेस ने धान के खेत में काम कर रहे किसानों के साथ राहुल की तस्वीरें भी जारी कीं। राहुल ने यही तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा कीं और लिखा- किसान खुशहाल तो भारत खुशहाल! छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए कांग्रेस सरकार के पांच सबसे बेहतरीन काम, जिन्होंने उन्हें भारत में सबसे खुशहाल बनाया, 1- धान पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) 2,640 रुपए प्रति क्विंटल, 2- 26 लाख किसानों को 23,000 करोड़ रुपए की इनपुट सब्सिडी, 3- 19 लाख किसानों का 10,000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ, 4- बिजली का बिल आधा, 5- पांच लाख कृषि मजदूरों को 7,000 रुपए प्रति वर्ष। एक ऐसा मॉडल, जिसे हम पूरे भारत में दोहराएंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



