delhi flood :- दिल्ली की राजस्व एवं लोक निर्माण मंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा कि यमुना नदी का जलस्तर गिरने के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पानी निकालने, सड़कों की सफाई करने और उन्हें यातायात के लिए खोलने का काम शुरू कर दिया है।
पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने यह भी कहा कि कश्मीरी गेट आईएसबीटी तथा भैरो मार्ग को खोल दिया गया है। दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह जलस्तर घटना शुरू हुआ, लेकिन यह कुछ सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से ही कम हो रहा है। यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से दो मीटर ऊपर बह रही है।
आतिशी ने कहा, यमुना का जलस्तर कम होने के साथ ही पीडब्ल्यूडी ने पानी निकालने,सड़कों को साफ करने और उन्हें यातायात के लिए खोलने का काम शुरू कर दिया है। आईएसबीटी और भैरो मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी यह सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है कि सड़कें और यातायात सामान्य हो जाए। इससे पहले मंडलायुक्त अश्वनी कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भी हालात में सुधार हो रहा है। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



