नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को अचानक तेज रफ्तार से हवाएं चलीं और कई जगह बारिश भी हुई। आंधी की वजह से एनसीआर के न्यू अशोक नगर में रैपिड रेल के स्टेशन की छत उड़ गई। कुछ समय पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसका उद्घाटन किया है। इसके अलावा कई इलाकों में पेड़ और खंभे गिरने की खबर है। मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में एक बन रहा मकान गिर गया, जिसके नीचे दब तक तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए।
दिल्ली एनसीआर मौसम अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 24 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया था। राजधानी दिल्ली में शनिवार को दोपहर कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई और 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद तीन बजे तक शहर में लगभग एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली और एनसीआर के महारानी बाग, मयूर विहार, गाजियाबाद और नोएडा में बारिश हुई, जिसके कारण गर्मी से राहत मिली।
उधर जम्मू कश्मीर, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव का भी अलर्ट है। राजस्थान में भी तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, तीन से चार दिन और ऐसी ही गर्मी रहेगी। कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है। मध्य प्रदेश में अगले चार दिन आंधी और बारिश के साथ हीटवेव का भी अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग व बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर भाग के कुछ भागों पर दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। अगले चार से पांच दिनों तक राजस्थान, उत्तर प्रदेश में लू चलेगी। दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। 20 मई से 22 मई तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
Also Read: जाति से आगे नहीं बढ़ते हैं नेता
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


