रोहतक। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को फिर जेल से छूट मिल गई है। सरकार की मेहरबानी से एक बार फिर वह जेल से बाहर आएगा। रोहतक जेल में सजा काट रहे राम रहीम की 21 दिन की फरलो मंजूर हो गई है। पिछले दो साल यानी 24 महीने में गुरमीत राम रहीम सिंह को आठवीं बार फरलो मिली है। बताया जा रहा है कि फरलो की अवधि वह बागपत के अपने आश्रम में काटेगा। वह हत्याओं और साध्वियों से बलात्कार के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है।
फरलो मंजूर होने के बाद वो अगले हफ्ते तक एक बार फिर जेल से बाहर आ सकता है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को 24 महीने में आठवीं बार छुट्टी मिली है। इससे पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को दो बार पैरोल मिल चुकी है। पैरोल खत्म होने के बाद उसने फरलो की अर्जी लगाई थी। बताया जारहा है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह फरलो के दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित अपने आश्रम में रहेगा। इस फैसले के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं क्योंकि हर चुनाव से पहले उसे किसी न किसी बहाने जेल से छुट्टी मिलती है। अभी राजस्थान में चुनाव है। गौरतलब है कि राम रहीम राजस्थान के गंगानगर का रहने वाला है।
बहरहाल, राम रहीम ने इससे पहले 15 अगस्त को अपने जन्मदिन के लिए पैरोल ली थी। उससे पहले राम रहीम को इसी साल जनवरी में 40 दिन की पैरोल मिली थी। गौरतलब है कि राम रहीम को अपनी दो साध्वियों के साथ बलात्कार करने के आरोप में 28 अगस्त 2017 को 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के आरोप में अदालत ने गुरमीत राम रहीम को 17 जनवरी, 2019 को उम्र कैद की सजा सुनाई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



