नई दिल्ली। देश की सबसे उच्च सुरक्षा वाली जेल तिहाड़ में सांसद इंजीनियर राशिद पर हमला हुआ है। गौरतलब है कि राशिद ने जेल से रह कर चुनाव लड़ा था और जीते थे। बताया जा रहा है कि जम्मू कश्मीर की बारामूला सीट से लोकसभा सांसद इंजीनियर राशिद पर एक ट्रांसजेंडर ने हमला किया। उस समय वे अपनी बैरक में थे। उनकी पार्टी ने आरोप लगाया है कि राशिद को जान से मारने की कोशिश हुई है। इस बीच खबर है कि राशिद को नौ सितंबर को होने वाले उप राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने की इजाजत मिल गई है।
जेल अधिकारियों ने बताया कि राशिद को मामूली चोटें आईं। वे सुरक्षित हैं। इस बीच राशिद की पार्टी अवामी इत्तेहाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हमले की निंदा की। पार्टी ने कहा, ‘यह राशिद को जेल के अंदर मारने की साजिश है। एक पैटर्न के तहत जेल के अंदर कश्मीरी कैदियों पर हमला हो रहा है। इससे पहले भी कई कश्मीरियों पर जेल के अंदर हमला हुआ’। हालांकि जेल अधिकारियों ने इन दावों का खंडन किया। राशिद के बेटे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कश्मीरी कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




