रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री बनने के 152 दिन के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया है। जेल से छूटे पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। वे गुरुवार की शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले चम्पई सोरेन ने बुधवार शाम सात बज कर 20 मिनट पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंपा। उनके इस्तीफा देने के बाद हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। हेमंत सोरेन और चम्पई सोरेन के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे।
इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री आवास में जेएमएम, कांग्रेस और राजद की बैठक हुई थी, जिसमें हेमंत सोरेन को फिर से विधायक दल का नेता चुना गया था। उसके बाद ही चम्पई सोरेन इस्तीफा देने राजभवन गए थे। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा- गठबंधन का जो फैसला था उसी के अनुसार मैंने काम किया। इसके बाद हेमंत सोरेन ने कहा- चम्पई जी ने अपनी बात कह दी है। ये गठबंधन का फैसला है।
मुख्यमंत्री के इस्तीफा देने के बाद हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने गठबंधन के सभी विधायकों का समर्थन पत्र भी राज्यपाल को सौंपा। इसके बाद राज्यपाल ने उनको सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। राज्यपाल का न्योता मिलने से पहले सभी विधायकों को मुख्यमंत्री आवास में ही रहने को कहा गया था। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाले में ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। इसके दो दिन बाद दो फरवरी को चम्पई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। तभी हेमंत सोरेन का फिर से मुख्यमंत्री बनना अहम माना जा रहा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



