महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत राज्य के दूसरे नगर निगमों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति ने शानदार कामयाबी हासिल की है। इस जीत के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता ने विकास देखकर पार्टी को वोट देने का काम किया है।
केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जन समर्थन भाजपा के साथ है। इसका एक कारण यह भी है कि खुद प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते हैं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कहते हैं कि पंचायत से लेकर संसद तक, हम हर चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ते हैं। यही संदेश लोगों के बीच तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि जनता को आरोप-प्रत्यारोप और गलत नैरेटिव वाली राजनीति पसंद नहीं है। उसने भाजपा सरकार के विकास को देखकर वोट देने का काम किया है।
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि मुंबई के लोगों और देशभक्तों ने महायुति और भाजपा को आशीर्वाद दिया है। मुझे भरोसा है कि विकास और सुरक्षा के दो मुख्य मुद्दों पर हमने चुनाव लड़ा था, उन पर हम काम करेंगे व मुंबई के भरोसे को और मजबूत करेंगे ताकि अगले चुनाव में हम 100 से ज्यादा सीटें जीत सकें।
Also Read : राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर के दूषित जल पीड़ितों से मिलेंगे
भाजपा नेता रावसाहेब पाटिल दानवे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चाहते थे कि मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन उनके कंट्रोल में आ जाए। उसी के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की और बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को भाजपा के पाले में ले आए।
पार्टी के एक और नेता, प्रवीण दारेकर ने कहा, “बहुत खुशी और आनंद है। महाराष्ट्र की जनता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।” उन्होंने कहा कि मुंबई और पूरा महाराष्ट्र विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री खुद शहरों की समस्याओं को दूर कर स्थिति को बदल रहे हैं।
निकाय चुनाव नतीजों पर शिवसेना नेता राजू वाघमारे ने कहा कि मुंबई नगर निगम चुनावों में महायुति की यह बहुत बड़ी जीत है। हम मुंबई के लोगों के बहुत आभारी हैं और महायुति पर भरोसा जताने के लिए उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने मुंबई के लुटेरों को भी उनके घर बैठाने का काम किया है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


