नई दिल्ली। ओडिशा के बाद कांग्रेस ने महाराष्ट्र में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है। नाना पटोले की जगह पार्टी ने हर्षवर्धन सपकाल को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस आलाकमान ने नाना पटोले का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर हर्षवर्धन सपकाल महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की सूचना जारी की गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को नाना पटोले की जगह हर्षवर्धन सपकाल को तत्काल प्रभाव से पार्टी की महाराष्ट्र इकाई का नया प्रमुख नियुक्त किया।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने विजय नामदेवराव वडेट्टीवार को तत्काल प्रभाव से महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने को भी मंजूरी दी है। इससे पहले कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर पार्टी की एक अहम बैठक हुई, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। बहरहाल, सपकाल 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र के बुलढाणा से विधायक थे। इससे एक दिन पहले कांग्रेस ने ओडिशा में भक्त चरण दास को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
गौरतलब है कि अक्टूबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद नाना पटोले ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी आलकमान ने गुरुवार को उनका इस्तीफा स्वीकार किया और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके कामकाज की तारीफ की। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पांच से छह राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति करने वाली है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


