न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी ने बुधवार को बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। महाराष्ट्र लोक भवन, मुंबई में आयोजित एक गरिमापूर्ण समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
न्यायमूर्ति त्रिपाठी, इससे पहले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनको राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गत 5 सितंबर को स्वीकृति दिए जाने के बाद बॉम्बे उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 6 अगस्त को हुई अपनी बैठक में उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसके बाद केंद्र सरकार ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी।
Also Read : राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में अपराह्न एक बजे तक 50 प्रतिशत से अधिक मतदान
इस नियुक्ति के साथ न्यायमूर्ति त्रिपाठी बॉम्बे उच्च न्यायालय के 50वें मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। वे इलाहाबाद उच्च न्यायालय से पदोन्नत होकर इस प्रतिष्ठित उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनने वाले दूसरे न्यायाधीश हैं। न्यायमूर्ति त्रिपाठी को सितंबर 2013 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और अप्रैल 2015 में वे स्थायी न्यायाधीश बने थे।
इस शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



