महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी 2026) पिछले महीने पेपर लीक होने के कारण नहीं, बल्कि पुलिस द्वारा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के चलते टाली गई थी।
फडणवीस ने कहा कि परीक्षा का नया कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि टीईटी का आयोजन सुचारू रूप से हो।
टीईटी प्रश्न पत्र लीक को लेकर राहुल गांधी द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता अक्सर विदेश यात्रा पर रहते हैं, इसलिए संभवतः उनके पास इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है।
फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, “सरकार ने सक्रियता दिखाते हुए इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा की तिथि आगे बढ़ानी पड़ी। हमारी इस त्वरित कार्रवाई से कई राज्यों में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने पेपर लीक में शामिल लोगों को तुरंत पकड़ा।
Also Read : होर्मुज जलडमरूमध्य पर शुल्क लगाने की धमकी से ट्रंप पीछे हटे
मुख्यमंत्री ने कहा, “परीक्षा की तिथि हमारी कार्रवाई की वजह से आगे बढ़ानी पड़ी, न कि प्रश्न पत्र लीक होने के बाद। महाराष्ट्र पुलिस ने घटना से पहले ही कदम उठा लिया था और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से आयोजित हो। नयी तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी एक अंतर-राज्यीय नेटवर्क से जुड़े हैं और महाराष्ट्र पुलिस की इस कार्रवाई ने कई राज्यों में चल रहे एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।
उन्होंने कहा, “आरोपी अंतर-राज्यीय अपराधी हैं। समय रहते कार्रवाई करके महाराष्ट्र ने कई राज्यों में पेपर लीक को प्रभावी ढंग से विफल कर दिया है।
ठाणे जिले की पुलिस को प्रश्नपत्र का एक हिस्सा लीक होने का पता चलने के बाद टीईटी 2026 परीक्षा के आयोजन से ठीक एक दिन पहले 27 जून को इसे स्थगित कर दिया गया था।
इससे पहले दिन में, राहुल गांधी ने परीक्षा की नयी तारीख घोषित करने, लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा में छूट देने की मांग की थी।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में कहा, “परीक्षा रद्द होने के दो सप्ताह बाद भी नयी तारीख़ घोषित नहीं की गई है और करीब छह लाख अभ्यर्थी अधर में हैं।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


