ठाणे। महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे शहर में बृहस्पतिवार सुबह एक मेट्रो निर्माण स्थल (Metro Construction Site) पर भारी धातु की एक प्लेट गिरने से एक महिला की मौत हो गई। नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना यहां ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे (Eastern Express Highway) पर एक मॉल के निकट हुई।
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMC) के प्रमुख अविनाश सावंत (Avinash Sawant) ने बताया कि कबाड़ बीनने वाली 37 वर्षीय महिला पुल के नीचे खड़ी थी कि इसी दौरान धातु की एक प्लेट उसके ऊपर गिर गई। राबोदी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि जब धातु की प्लेट उसके ऊपर गिरी तो महिला निर्माण स्थल पर खंभे के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई। सावंत ने बताया कि स्थानीय दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे गड्ढे से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि इस घटना में सुनीता कांबले (Sunita Kamble) नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



