भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल रघुवर दास को अपना इस्तीफा सौंपा। पटनायक पिछले 24 साल से ओडिशा के मुख्यमंत्री थे। मंगलवार, चार जून को आए नतीजे में उनकी पार्टी ने बहुमत गंवा दिया है। गौरतलब है कि चार जून को लोकसभा चुनाव के साथ ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आए। दोनों राज्यों में मौजूदा सरकारों को सत्ता गंवानी पड़ी।
ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से भाजपा ने अकेले 78 सीटें जीतीं, जो बहुमत से चार ज्यादा हैं। भाजपा पहली बार अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है। नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल को 51 सीटें मिलीं हैं, जबकि कांग्रेस को 14 सीटें मिलीं। राज्य में भाजपा ने अब तक मुख्यमंत्री की घोषणा नहीं की है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा था।
गौरतलब है कि ओडिशा में बीजू जनता दल साल 2000 से लगातार सत्ता में रही। पार्टी के अध्यक्ष नवीन पटनायक 24 साल से मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने पांच मार्च 2000 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से लगातार पांच बार मुख्यमंत्री चुने गए। हालांकि वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड नहीं बना पाए। यह रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग के नाम है। वे 24 साल और 165 दिन सीएम रहे, जबकि नवीन पटनायक 24 साल और 83 दिन सीएम रहे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



