शिमला/चंडीगढ़। मंगलवार को उप राष्ट्रपति पद के चुनाव में मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ से प्रभावित हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे किया। प्रधानमंत्री ने पंजाब को 16 सौ करोड़ और हिमाचल प्रदेश को 15 सौ करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में मरे लोगों के परिजनों को दो दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
पंजाब के गुरदासपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से भी बातचीत की। उनके अलावा राहत व बचाव में लगी एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम से बातचीत की। मंत्रियों व अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने पंजाब को 16 सौ करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। इस पर पंजाब के मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि ये बहुत बड़ा मजाक है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्र ने पंजाबियों के जख्मों पर नमक छिड़का है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अस्पताल में भर्ती हैं।
पंजाब से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और चंबा में हुए नुकसान का सर्वे किया। उन्होंने कांगड़ा में बैठक में अधिकारियों से हालात का जायजा लिया और 15 सौ करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने कई बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंडी की एक साल की बच्ची नितिका को टॉफी दी और फिर उसे गोद में उठाया। नितिका के माता, पिता और दादी की 30 जून को मंडी में बादल फटने से आई बाढ़ में मौत हो गई थी।


