जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने डेयरी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (Dairy Technology College ) तथा कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय (Agricultural Engineering College) जोधपुर के भवन निर्माण के लिए 31 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। प्रत्येक महाविद्यालय में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 15.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। ये महाविद्यालय जोधपुर जिले की बावड़ी तहसील के सावतकुआं गांव में बनेंगे। फिलहाल अस्थाई रूप से इनका संचालन कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर परिसर में हो रहा है।
श्री गहलोत की इस मंजूरी से महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के छात्र और छात्राओं के लिए 50-50 सीट क्षमता के छात्रावास, एकेडमिक ब्लॉक, वर्कशॉप एंड इम्प्लांट शेड, डीन रेजीडेंस, परिसर द्वार, सड़क और डेयरी प्लांट का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री द्वारा महाविद्यालय परिसर का शिलान्यास गत 11 नवंबर को किया गया था।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट में कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर के अधीन एक नये डेयरी प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी संकाय की स्थापना के लिए घोषणा की थी। उक्त संकायों का संचालन किसी एक महाविद्यालय में बहुसंकाय के रूप में नहीं हो पाने की दृष्टि से अलग-अलग महाविद्यालय के रूप में संचालित किया जा रहा है। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


