जयपुर। राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला रोहित राठौड़ भी शामिल है। गोगामेड़ी पर गोली चलाने वाले शूटर्स को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। उससे पहले उनकी मदद करने वाले रामवीर को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था। इन तीन के अलावा भी कुछ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
शनिवार की रात को दिल्ली क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर 24 के होटल कमल रिसॉर्ट आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें गोगामेड़ी को गोली मारने वाले शूटर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ के अलावा उनका साथी उधम भी शामिल है। गेस्ट हाउस में तीनों आरोपी नाम बदलकर छिपे हुए थे। उन्होंने अपने नाम दविंदर कुमार, जयवीर सिंह और सुखबीर सिंह रखे हुए थे। इसके लिए उन्होंने फर्जी आधार कार्ड दिए थे। जयपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जोसेफ जॉर्ज ने प्रेस कांफ्रेंस करके आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
गौरतलब है कि जयपुर में पांच दिसंबर को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े उनके घर में घुस कर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद से आरोपी नाम बदल कर इधर उधर भागते रहे। पुलिस के मुताबिक गोगामेड़ी की हत्या के बाद शूटर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ डीडवाणा से हरियाणा गए। रेवाड़ी से हिसार पहुंचने पर सीसीटीवी की फुटेज से उनकी पहचान हुई। तभी पुलिस उनके पीछे लगी। वहां से आरोपी मनाली गए और शनिवार को चंडीगढ़ लौटे तो पुलिस ने उनको पकड़ लिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


