अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि संसद पर डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण होने की स्थिति में वह अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए अपनी वीटो पावर और कार्यकारी शक्तियों का इस्तेमाल करेंगे।
श्री ट्रंप ने मंगलवार को मध्यावधि चुनावों में मतदान समाप्त होने से पहले सीबीएस न्यूज़ को दिए एक फोन साक्षात्कार में कहा, “मेरे पास सबसे बड़ी पावर है, इसे ‘वीटो’ कहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर डेमोक्रेट्स हाउस या सीनेट में बहुमत हासिल करते हैं, तो वे “मिस्टर वीटो” निकनेम का स्वागत करेंगे।
श्री ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि बार-बार वीटो लगाने से डेमोक्रेट्स आखिरकार बातचीत की टेबल पर आएंगे। उन्होंने कहा, “पहले, आप कुछ महीनों के लिए वीटो करते हैं और फिर वे आकर कहते हैं, ‘हमें एक समझौता करना है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टाें के मुताबिक साक्षात्कार के बाद आए नतीजों से पता चला कि डेमोक्रेट्स ने जॉर्जिया, न्यू हैम्पशायर और नॉर्थ कैरोलिना में तीन शुरुआती जीत हासिल कीं। नॉर्थ कैरोलिना में डेमोक्रेटिक पार्टी ने जीत दर्ज की है। सीनेट की 35 सीटों पर डेमोक्रेट्स को बहुमत पाने के लिए कुल चार सीटें जीतनी होंगी।
Also Read : वित्तीय बाजार में सुधार के लिए समिति का गठन
राष्ट्रपति ने इस साल की शुरुआत में शीर्ष अदालत के एक फैसले ट्रंप बनाम स्लॉटर की ओर इशारा किया, जिसमें जजों ने 6-3 से फैसला सुनाया था कि वह संघीय व्यापार आयोग की सदस्य रेबेका स्लॉटर को निकाल सकते हैं। श्री ट्रंप ने कहा कि इस फैसले से उन्हें संघीय एजेंसियों, बोर्ड और आयोग पर पूरा नियंत्रण मिल गया है, भले ही कांग्रेस पर किसी भी पार्टी का नियंत्रण हो।
उन्होंने कहा, “स्लॉटर मामला राष्ट्रपति को इतनी ज़्यादा शक्ति देता है जो पहले कभी नहीं थी। सीबीएस ने दो सूत्रों के हवाले से बताया कि आव्रजन और व्यापार उन क्षेत्रों में से हैं जिन पर विचार किया जा रहा है। एक सूत्र ने कहा कि अगर डेमोक्रेट्स सत्ता में आ भी जाते हैं, तो भी श्री ट्रंप व्यापार , सीमा , संघीय सरकार के प्रबंध , विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर “लगभग सब कुछ करने की शक्ति अपने पास रखेंगे जो वह चाहते हैं”।
श्री ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2027 में व्हाइट हाउस का नया बॉलरूम बन जाएगा और वाशिंगटन में प्रस्तावित 250 फुट आकार की आर्च पर काम शुरू हो जाएगा, जिसे कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आर्च को “सफलता का जश्न” बताया।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



