राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सिद्दारमैया का केंद्र पर फंड रोकने का आरोप

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने केन्द्र सरकार पर कर्नाटक के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने सूखे से राहत के लिए दी जाने वाली मदद और ‘भद्रा अपर स्टेज’ सिंचाई परियोजना के लिए वादा की गई धनराशि को रोक दिया है। श्री सिद्दारमैया ने कहा कि बार-बार मांग करने के बावजूद, केंद्र सरकार राज्य के प्रति अपनी वित्तीय प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रही है।

इस राजनीतिक लड़ाई को केंद्र तक ले जाते हुए श्री सिद्दारमैया ने गुरूवार को कहा कि कर्नाटक को सूखे के कारण लगभग 60,000-62,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और राज्य के 240 तालुकों में से 224 प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि ‘राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष’ के नियमों के तहत लगभग 21,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी गई थी लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक कोई मदद जारी नहीं की है।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती और नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजेगौड़ा के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर चिकमगलूर में कांग्रेस की एक सभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने याद दिलाया कि राज्य सरकार ने सूखा राहत पाने के लिए 2023 में न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया था।

उन्होंने केंद्र सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि वह ‘भद्रा अपर स्टेज’ परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये देने के अपने वादे से मुकर गई है। इस परियोजना की घोषणा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2023-24 के केंद्रीय बजट में की थी। उन्होंने कहा कि अब तक पांच पैसे भी जारी नहीं किए गए हैं और कर्नाटक के किसानों तथा सिंचाई परियोजनाओं के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। श्री सिद्दारमैया ने कहा कि सूखे ने चिकमगलूरु सहित मलनाड क्षेत्र को भी प्रभावित किया है और राज्य की वित्तीय तंगी पर केंद्र की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाया।

Also Read : ओडिशा में तीन जगह मिला सोने का भंडार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपना हमला तेज करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने से पहले किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं, जिनमें किसानों की आय दोगुनी करना, हर साल दो करोड़ नौकरियां पैदा करना और ‘अच्छे दिन’ लाना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि देश का कर्ज 2014 के 53 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 200 लाख करोड़ रुपये हो गया है जबकि बेरोजगारी एक बड़ी चिंता बनी हुई है।

कांग्रेस और भाजपा के दृष्टिकोणों में अंतर बताते हुए श्री सिद्दारमैया ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पांच गारंटी योजनाएं शक्ति, गृह लक्ष्मी, गृह ज्योति, अन्न भाग्य और युवा निधि शुरू की थीं। उन्होंने कहा कि जहाँ कांग्रेस ने किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के लिए काम किया, वहीं केंद्र की भाजपा सरकार ने अमीर लोगों और कॉरपोरेट हितों का पक्ष लिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया और 2029 में श्री राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का एक बड़ा राजनीतिक लक्ष्य भी रखा। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कर्नाटक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान लगभग एक करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पात्र नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा करें।

श्री सिद्दारमैया ने कहा कि चिकमगलूर का इंदिरा गांधी के साथ एक विशेष ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने इसी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सामाजिक न्याय और गरीबी उन्मूलन की उनकी विरासत को आगे बढ़ाएं।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment