तेलंगाना के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन और प्रोफेसर एम. कोडंडाराम रेड्डी ने सोमवार को राज्य की विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य के रूप में शपथ ली।
उन्हें परिषद के सभापति जी. सुखेन्द्र रेड्डी ने विधानसभा भवन में आयोजित कार्यक्रम में शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उनके कैबिनेट के मंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को अजहरुद्दीन और कोडंडाराम रेड्डी को राज्यपाल कोटे से विधान परिषद का सदस्य नियुक्त किया था। हालांकि, सरकार की अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति इस मामले से जुड़ी सभी लंबित अपीलों के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी।
अधिसूचना में बताया गया कि दोनों को डी. राजेश्वर राव और फारूक हुसैन की जगह नियुक्त किया गया है, जिनका कार्यकाल 27 मई 2023 को खत्म हो गया था।
Also Read : आईएमडी ने बढ़ते तापमान को लेकर दी चेतावनी
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान रहे अजहरुद्दीन का एमएलसी बनना सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के लिए राहत माना जा रहा है। उन्होंने 31 अक्टूबर 2025 को मंत्री पद की शपथ ली थी और मंत्री बने रहने के लिए उनके लिए 30 अप्रैल तक विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी था।
इन नामांकनों के साथ लंबे समय से चल रही अनिश्चितता खत्म हो गई है। तेलंगाना कैबिनेट ने 30 अगस्त 2025 को राज्यपाल कोटे के तहत विधान परिषद (एमएलसी) में नामांकन के लिए अजहरुद्दीन और कोदंडाराम के नामों की सिफारिश की थी।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने के कारण राज्यपाल ने इन नामांकनों को मंजूरी नहीं दी थी। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने 19 अप्रैल को राज्यपाल से मुलाकात कर उनसे लंबित नामांकनों को मंजूरी देने का अनुरोध किया था।
पिछले महीने मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का हवाला दिया था, जिसमें कहा गया था कि इस मामले में अदालत को कोई आपत्ति नहीं है और राज्य सरकार राज्यपाल से मंजूरी के लिए आगे बढ़ सकती है।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


