राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अमेरिका-ईरान युद्ध की लागत बढ़कर 47.1 अरब डॉलर: सेंटकॉम

अमेरिका की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने अनुमान लगाया है कि अक्टूबर के मध्य तक ईरान के खिलाफ अमेरिकी युद्ध की लागत कम से कम 47.1 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है।

सेंटकॉम द्वारा अमेरिकी सांसदों को दिए गए एक अनुमान के अनुसार, इस खर्च का एक बड़ा हिस्सा इस्तेमाल हो चुके हथियारों एवं गोला-बारूद की भरपाई करने में हुआ है।

सितंबर की लागत में तीन अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ हमले करने पर विचार कर रहे हैं।

सोलह अक्टूबर के अनुमान के अनुसार, गोला-बारूद की लागत लगभग 29 अरब अमेरिकी डॉलर है, जबकि खोए हुए सैन्य उपकरणों को बदलने के लिए 6.1 अरब अमेरिकी डॉलर आवंटित किए गए हैं। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, सैन्य अभियानों से जुड़े अतिरिक्त खर्चों के लिए लगभग 11.9 अरब अमेरिकी डॉलर निर्धारित किए गए हैं।

इस अनुमान में पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान की मरम्मत का खर्च शामिल नहीं है; इनमें से कई ठिकानों को ईरानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा निशाना बनाया गया है।

यह नया आंकड़ा सितंबर की शुरुआत में पेंटागन के लगभग 43.6 अरब अमेरिकी डॉलर के पिछले अनुमान से अधिक है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने तीन महीने पहले अमेरिकी ठिकानों को हुए नुकसान को छोड़कर, इसकी लागत लगभग 37.5 अरब अमेरिकी डॉलर बताई थी।

कांग्रेसनल बजट ऑफिस (सीबीओ) ने पिछले महीने कहा था कि यह संघर्ष जारी रहने तक हर महीने दो से तीन अरब अमेरिकी डॉलर का खर्च बढ़ा सकता है। इसका एक प्रमुख कारण ईरान के हमलों से बचाव के लिए इस्तेमाल की गई इंटरसेप्टर मिसाइलों के भंडार को फिर से भरने की आवश्यकता है।

Also Read : स्पेन में दो ट्रेनें टकरायीं, दस मरे

इस युद्ध ने अमेरिकी सेना के भंडार को लेकर भी चिंताएं उत्पन्न कर दी हैं। पेंटागन के इंस्पेक्टर जनरल ने पिछले महीने कहा था कि संघर्ष के दौरान भारी मात्रा में गोला-बारूद का इस्तेमाल होने के कारण सेना को ‘रणनीतिक भंडार की कमी’ का सामना करना पड़ा है, जिसके कारण अब इसके उत्पादन को तेज करने की कोशिशें की जा रही हैं।

ट्रंप प्रशासन ने गोला-बारूद की कमी को लेकर व्यक्त चिंताओं को खारिज किया है। श्री ट्रंप ने सितंबर की शुरुआत में कहा था कि अमेरिका के पास मध्यम से उच्च श्रेणी के गोला-बारूद की लगभग असीमित मात्रा मौजूद है।

मीडिया की पिछली रिपोर्टों के अनुसार, अगर व्हाइट हाउस से मंजूरी मिलती है, तो सेंटकॉम ने ईरान के खिलाफ और हमले करने के विकल्प तैयार कर लिए हैं। श्री ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगर ईरान किसी समझौते के लिए तैयार नहीं होता है, तो अगले महीने होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू हो सकती है।

मंगलवार को टेक्सास में एक रैली को संबोधित करते हुए, श्री ट्रंप ने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात के कारण अमेरिका को बहुत बड़ा फायदा हो रहा है। उन्होंने यह भी अनुमान लगाया कि यह युद्ध बहुत जल्द खत्म हो जाएगा।

मूडीज एनालिटिक्स के अनुमान के अनुसार, इस युद्ध के कारण अब तक एक औसत अमेरिकी परिवार को लगभग 2,000 अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ है।

ट्रंप प्रशासन ने इससे पहले कांग्रेस से अतिरिक्त सैन्य वित्तपोषण के रूप में अरबों डॉलर की मांग की थी, जिसका एक मकसद युद्ध से जुड़े खर्चों को पूरा करना था। इस मांग को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है जबकि डेमोक्रेट्स ने श्री हेगसेथ से इस संघर्ष के खर्चों का अधिक विस्तृत ब्योरा देने के लिए कहा है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment