शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लगातार दूसरे दिन कांग्रेस को निशाना बनाया है। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस पर धोखेबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस तरह की राजनीति करेगी तो कोई उसके साथ खड़ा नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का भ्रम लेकर लड़ाई में उतरने पर भाजपा से मुकाबला नहीं किया जा सकता है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लिए सीट नहीं छोड़ने से अखिलेश कांग्रेस से नाराज हैं।
अखिलेश ने गुरुवार को भी कांग्रेस पर हमला किया था और उसे धोखेबाज बताया था। शुक्रवार को दूसरे दिन भी कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा- अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में सीटें नहीं देना चाहती थी, तो उन्हें ये पहले ही कहना चाहिए था। आज, सपा केवल उन सीटों पर लड़ रही है, जहां उसका अपना संगठन है। अखिलेश ने कहा- अब मध्य प्रदेश के बाद, हमें पता है कि राष्ट्रीय स्तर पर संसदीय चुनावों के लिए इंडिया गठबंधन है, अगर कांग्रेस इसी तरह व्यवहार करती रही, तो उनके साथ कौन खड़ा होगा? अगर हम मन में भ्रम लेकर भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे, तो हम सफल नहीं होंगे।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन के बावजूद सपा की रणनीति पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के लिए काम करने पर आधारित होगी। उन्होंने शाहजहांपुर में एक जन जागरुकता अभियान कार्यक्रम में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से सभी लोकसभा क्षेत्रों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने को कहा, ताकि लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस बात से अवगत कराया जा सके कि उन्हें भविष्य में भाजपा से किस तरह की चुनौतियों और साजिशों का सामना करना पड़ेगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




