उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार देर शाम से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कुछ ही देर की तेज बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य बाजार समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण आवागमन बाधित हुआ, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फूलपुर में बारिश का पानी कई दुकानों के भीतर तक घुस गया, जिससे व्यापारियों को आनन-फानन में अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुसने से भारी नुकसान की आशंका है। बाजार में खरीदारी के लिए आए लोगों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
Also Read : श्रीहरिकोटा से ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ सफलतापूर्वक लॉन्च
फूलपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई गांवों में खेतों में पर्याप्त पानी भरने से किसानों में खुशी का माहौल है। धान की रोपाई कर चुके किसानों ने इस बारिश को फसलों के लिए बेहद फायदेमंद बताया। किसानों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी के कारण खेतों में नमी की कमी थी, लेकिन अब हुई बारिश से धान, मक्का और अन्य खरीफ फसलों को पर्याप्त पानी मिल गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कस्बे में हर वर्ष बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण ऐसी ही स्थिति उत्पन्न होती है। नालियों की समय पर सफाई न होने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था के अभाव में बारिश का पानी सड़कों और बाजारों में जमा हो जाता है।लोगों ने नगर पंचायत से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, नालियों की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


