मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अब कोटेदारों की भी सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कानपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने वीडियो संदेश जारी कर जिले के सभी कोटेदारों से मतदाता पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों को चिह्नित करने एवं उनके पंजीकरण में सहयोग करने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोटेदारों के पास राशन कार्डधारकों एवं उनके परिवार के सदस्यों का विवरण उपलब्ध रहता है। ऐसे में राशन वितरण के दौरान कोटेदार लाभार्थियों से यह जानकारी प्राप्त करें कि उनके परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं अथवा नहीं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उसे पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।
Also Read : परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी : अखिलेश
उन्होंने अपील की कि कोटेदार ऐसे पात्र नागरिकों के नाम एवं मोबाइल नंबर उनकी सहमति से संकलित करें। पूर्ति निरीक्षकों एवं जिला पूर्ति कार्यालय के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर निर्वाचन तंत्र द्वारा संबंधित नागरिकों के मतदाता पंजीकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कोटेदारों का आमजन से नियमित संपर्क रहता है। उनकी सक्रिय सहभागिता से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें। आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा शुद्ध एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



