मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए चयनित 1594 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 201 लेखा परीक्षक और 1393 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र दिया गया। मंच से ही योगी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला।
योगी ने कहा अखिलेश यादव कह रहे हैं 30 लाख नौकरी देंगे। कहां से देंगे? पहले बताएं कि चार बार सपा सरकार में कितनों को नौकरी दी? अपना अतीत बताइए। सबको पता है आपका पास्ट अच्छा नहीं था, तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं होगा।”
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के सात कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं मिलीं, उससे दोगुनी से ज्यादा नौकरी हमने साढ़े नौ साल में दी है। पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। हमारे नियुक्ति पत्रों की गिनती सैफई सिंडिकेट नहीं कर पाएगा, उसे तो सिर्फ नोट गिनना आता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी यह शुरुआत है। अगले हफ्ते 50 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे, इसमें 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षा विभाग के अभ्यर्थी होंगे।
योगी ने कहा कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन आते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था, नौकरी कोई और पाता था। मुन्ना भाई एमबीबीएस जैसा हाल था।
Also Read : मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों को चिह्नित करेंगे कोटेदार
उन्होंने कहा कि 2015-16 में यूपीपीएससी का टॉपर हाईस्कूल, इंटर, ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन था, लेकिन पीसीएस में टॉप कर एसडीएम बन गया। उसने टॉप किया नहीं था, टॉप करवाया गया था। आज किसी से पैसा नहीं मांगा जाता, यही नए यूपी की पहचान है।
पुरानी पेंशन पर सपा के वादे पर मुख्यमंत्री ने पूछा- ओपीएस की बात करने वाले बताएं, एनपीएस लागू किसने की थी? 2005 से 2017 तक खाते तक नहीं खुले, सरकार ने अंशदान तक नहीं दिया। हमने 10 हजार करोड़ डालकर खातों को ठीक किया और अंशदान 10 से 14 फीसदी किया।
गोमती रिवरफ्रंट पर बोले- बजट 167 करोड़ था, 1400 करोड़ खर्च कर दिया, फिर भी अधूरा। जेपीएनआईसी 200 करोड़ की डीपीआर थी, 800 करोड़ खर्च कर अधूरी छोड़ दी। पैसा लूटकर विदेश में प्रॉपर्टी बनाई, जेल छोटे कर्मचारी गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवा कट्टा-बम बनाता था, आज यूपी का युवा ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल बना रहा है। एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स जैसे कोर्स हमने शुरू कराए।
योगी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था साढ़े 12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ हो गई, प्रति व्यक्ति आय तीन गुना और बजट 9.70 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया। उन्होंने नए चयनितों से कहा कि मेरिट से कभी समझौता न करें, वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सारथी बनें।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रमुख सचिव आलोक कुमार मौजूद रहे। झांसी के श्रीकृष्ण कांत व्यास, बलिया की डिम्पल यादव, रायबरेली की ममता यादव, लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार समेत 20 युवाओं को मंच से नियुक्ति पत्र दिया गया।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



