उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। प्रस्तावों के परीक्षण और विचार-विमर्श के बाद मंत्रिमंडल महत्वपूर्ण निर्णय ले सकता है।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा का पूजन करेंगे। इसके बाद केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के विकास, जनहित और विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
Also Read : ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर त्रिपुरा में जेन जी का प्रदर्शन
हरिद्वार में होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की मुहर लगने को लेकर निगाहें टिकी हैं। हालांकि, किन प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी और सरकार क्या निर्णय लेगी, इसकी आधिकारिक तस्वीर बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी जिलों में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने की पहल की है। इसी क्रम में पहली बैठक चम्पावत जिले में आयोजित की जा चुकी है, जबकि दूसरी बैठक के लिए हरिद्वार को चुना गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए विकास और जनहित से संबंधित मुद्दों पर चर्चा को आगे बढ़ाना है।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



