राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत : धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया है। श्री धामी ने शनिवार को चमोली जनपद अन्तर्गत गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मौके पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर इस सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने अपने स्वरूप का विस्तार किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है।

श्री धामी ने चमोली जनपद की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीर भूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों का विकास, वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपने घर और गांव से पलायन न करना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

Also Read : दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाले 191 उद्योगों को बंद करने का निर्देश

श्री धामी ने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, यहां की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि केवल कारोबार का आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से श्री बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिकी को नई गति मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए पत्रकारिता, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रूपये की स्वीकृत लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा स्व घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड गैरसैंण में 459.32 लाख रुपए की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment