पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि 29 नवंबर को 10 लाख लोग शहर के ब्रिगेड परेड मैदान में गीता पाठ करेंगे। उन्होंने यह घोषणा नेताजी इंडोर स्टेडियम के मंच से की जहां मंगलवार को पांच लाख लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इस दौरान उन्होंने हिंदू धर्म और संस्कृति के अपमान के लिए वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। जगदधात्रीपूजा अष्टमी पर स्टेडियम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए श्री अधिकारी ने कहा, “वाम मोर्चा के 34 और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को मिलाकर पिछले 49 वर्ष से सनातन धर्म का अपमान किया गया। वामपंथी खुद को नास्तिक मानते थे और उन्होंने हमारी धार्मिक परंपराओं और संस्कृति का अनादर किया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और कहा कि अपने 15 साल के शासन में उन्होंने हिंदू धार्मिक विश्वासों का बार-बार अपमान किया। उन्होंने मां काली की प्रतिमा को जेल की गाड़ी में रखने की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “तृणमूल ने हमारी मां को कैदगाड़ी में रखा। उन्हें महालया के दिन खुद दिल्ली में जेल की गाड़ी के अंदर जाना पड़ा। यह सनातन धर्म की शक्ति है। बंगाल में हमारे हिंदू भाई-बहन अब अपने धार्मिक रीति-रिवाजों का खुलकर पालन करने के लिए स्वतंत्र हैं।
Also Read : हरदीप पुरी ने ली राज्यसभा सदस्यता की शपथ
अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने उस दिन की महत्ता को कम करने के लिए रैली का आयोजन किया। उन्होंने विधानसभा में महाकुम्भ को ‘मृत्यु कुम्भ’ कहा। महाकुम्भ वो स्थान है जहां पूरी दुनिया से लाखों लोग संगम में डुबकी लगाने आते हैं। जिन्होंने सनातन संस्कृति और हिंदू परंपराओं का अपमान करने की कोशिश की, उन्हें जवाब मिल गया है। ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रिगेड परेड मैदान में 29 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख मोहन भागवत और योग गुरु बाबा रामदेव और भी कई विख्यात हस्तियां शामिल होंगी। उन्होंने मंगलवार के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत रामचंद्र दासजी को विशेष रूप से निमंत्रित किया।
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए श्री अधिकारी ने उन्हें भविष्य के नेता बताते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करने में वे मुख्य भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, “ये आपकी सरकार है और आपके प्रयासों से ही 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जगदगुरु रामभद्राचार्य पवित्र स्नान के लिए 15 जनवरी को गंगासागर आएंगे। राज्य सरकार उन्हें राजकीय अतिथि का दर्जा देगी और उन्हें कपिल मुनि आश्रम ले जाने के लिए सरकारी हेलिकॉप्टर का इंतजाम करेगी। उन्होंने बताया कि 16 से 24 जनवरी के बीच रामानंद मिशन सनातन महासभा का आयोजन करेगी जिसके लिए कोलकाता में 1,008 यज्ञ कुंड बनाए जाएंगे।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



