राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

शुभेंदु ने बंगाल में भाजपा के लिए 70 फीसदी मतों का लक्ष्य रखा

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की जनता का भरोसा जीतकर और चुनावी वादे पूरे करके अपना मत-प्रतिशत मौजूदा 46 से बढ़ाकर 70 फीसदी करने के लिए काम करेगी।

शुभेंदु ने वामपंथी विचारधारा वाले आंदोलनकारियों-जिन्हें उन्होंने “कॉकरोच और खटमल” बताया-के साथ-साथ मादक पदार्थ माफियाओं, दुष्कर्म के दोषियों और ‘‘घुसपैठियों’’ को चेतावनी दी कि राज्य में उनके लिए “कोई जगह नहीं” है।

दीघा में एक पूजा समारोह को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने कहा कि भाजपा ने 2026 के विधानसभा चुनावों में पूर्वी मेदिनीपुर जिले की 16 सीट जीती थीं और 56 फीसदी वोट हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में पार्टी को 46 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को इस तरह काम करना चाहिए कि आने वाले दिनों में उसमें लोगों का भरोसा बढ़े और उसे 70 प्रतिशत आबादी का समर्थन हासिल हो। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने कामकाज और आचरण के जरिये सभी वादे भी पूरे करने चाहिए।

शुभेंदु ने कहा कि लोग “व्यवस्था” में बदलाव चाहते हैं, न कि सिर्फ पार्टी, झंडे या नाम में बदलाव। उन्होंने कहा हम सभी उसी तरह काम करेंगे, जैसे 21 राज्यों की भाजपा सरकारें काम कर रही हैं। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदर्शों का पालन करेंगे।

Also Read : ‘रामायण’ ने दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में मई में संपन्न विधानसभा चुनावों में 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा की 207 सीट जीतते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत किया था। तृणमूल कांग्रेस को महज 80 सीट पर जीत हासिल हो सकी थी।

भाजपा को 45.84 फीसदी वोट मिले थे, जबकि तृणमूल के खाते में 40.80 प्रतिशत मत पड़े थे। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों की तस्करी, दुष्कर्म और घुसपैठ के मामलों को लेकर “बेहद सख्त” है। उन्होंने दावा किया कि पिछले सात दिनों में पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है, मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया है और नशीले पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की हैं।

शुभेंदु ने कहा कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म, हत्या या उन्हें प्रताड़ित करने में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को “पूरी छूट” दी गई है। उन्होंने किसी विशेष राजनीतिक दल का नाम लिए बगैर विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग “हंगामा खड़ा कर रहे हैं। शुभेंदु ने इनमें से कुछ की तुलना “कॉकरोच और खटमलों” से की। उन्होंने कहा हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा। राष्ट्रवादियों को एकजुट रहना चाहिए।

औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए शुभेंदु ने बताया कि ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ ने काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि रिलायंस राज्य में बड़ा निवेश करेगी और कंपनी की परियोजना की आधारशिला 13 नवंबर के बाद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिंदल परिवार के नेतृत्व वाले जेएसडब्ल्यू समूह के प्रतिनिधियों ने भी राज्य सरकार से मुलाकात की है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें