सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल में 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की 22 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर राज्य के लिए करीब 75 हज़ार करोड़ रुपये की नयी सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है।
श्री गडकरी ने गुरुवार को यहां कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में सड़क संपर्क बेहतर होगा और औद्योगिक विकास, व्यापार, कृषि, पर्यटन तथा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
श्री गडकरी ने इस दौरान जिन परियोजनाओं की घोषणा की उनमें 14,000 करोड़ रुपये की लागत से 250 किलोमीटर लंबा कोलकाता रिंग रोड, 20,000 करोड़ रुपये का 58 किलोमीटर लंबा दानकुनी-कोलाघाट आठ लेन कॉरिडोर, 12,000 करोड़ रुपये का मोरग्राम-किशनगंज हाई-स्पीड कॉरिडोर और 8,000 करोड़ रुपये की लागत से बरासात-पेट्रापोल राजमार्ग का चार लेन में विकास शामिल है। इसके अलावा बेल्घड़िया एक्सप्रेसवे, मयूरक्षी नदी पर पुल तथा विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण की परियोजनाएं भी घोषित की गयी।
Also Read : त्रिपुरा में 16 नगर निकायों के लिए कल होगा मतदान
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के 59 ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए 5,100 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। इसके साथ ही एनएच-19 के पालसित-दानकुनी खंड को छह लेन में विकसित करने और फरक्का में गंगा नदी पर 521.20 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन का पुल बनाने की परियोजना भी शामिल है।
श्री गडकरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 40,000 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 35,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण मंजूरी और अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, लोक निर्माण मंत्री अजय कुमार पोद्दार, राज्यमंत्री नदीयार चाँद बाउड़ी तथा सांसद और विधायक मौजूद थे।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



